श्रीडूंगरगढ टुडे 11 नवंबर 2026
क्षेत्र में साइबर ठगों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। आए दिन नए-नए तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां शातिर ठगों ने फेसबुक मैसेंजर पर रिश्तेदार बनकर एक युवक से 1 लाख 20 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। इस संबंध में पीड़ित परिवादी ने श्रीडूंगरगढ़ साइबर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
इस तरह रची ठगी की साजिश:
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, कालुबास निवासी परिवादी भैराराम पुत्र मुनीराम जाट ने बताया कि बीते 9 नवंबर को सुबह 9:44 बजे उनके फेसबुक मैसेंजर पर एक मैसेज आया। शुरुआत में ठग ने सामान्य बातचीत करते हुए “राम-राम सा, क्या हाल-चाल हैं?” लिखकर झांसे में लिया।
इसके बाद आरोपी ने कहा कि वह परिवादी के मामा का लड़का रामेश्वर बोल रहा है। बातचीत आगे बढ़ाते हुए ठग ने कहा कि वह कुछ रुपए भेज रहा है, जो घर आने पर ले लेगा और फिलहाल ये रुपए तुम्हारे पास ही रख लेना। ठग के झांसे में आए परिवादी ने आरोपी के कहने पर अपनी स्टेट बैंक की पासबुक (डायरी) की जानकारी भेज दी।
पासपोर्ट और दलाल के नाम पर उलझाया:
कुछ देर बाद ठग ने परिवादी को झांसा दिया कि उसने उसके खाते में 4,15,000/- रुपए ट्रांसफर कर दिए हैं। हालांकि जब पैसे खाते में नहीं पहुंचे, तो ठग ने बहाना बनाया कि “12 घंटे बाद पैसे आएंगे।”
इसके बाद कहानी में नया मोड़ लाते हुए ठग ने घबराने का नाटक किया और कहा कि— “मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई है, छुट्टी मांगने गया था लेकिन मुझे भारत नहीं आने दे रहे हैं, मेरा पासपोर्ट छीन लिया है और कोई भारत का दलाल है।”
आरोपी ने बातों ही बातों में परिवादी को एक अन्य मोबाइल नंबर (7088384319) भेजकर उस तथाकथित ‘दलाल’ से बात करने को कहा। जब परिवादी ने उस नंबर पर संपर्क किया, तो ठग (दलाल) ने पुराने 1,20,000/- रुपए बाकी बताते हुए कहा कि पहले फोन पे के जरिए 1 लाख 20 हजार रुपए भेजने होंगे, तभी भारत आने पर पैसे दिए जाएंगे। झांसे और दबाव में आए परिवादी ने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से उक्त राशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी, जिसके बाद ठगी का अहसास हुआ।
पुलिस ने दर्ज किया मामला:
पीड़ित परिवादी भैराराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने साइबर अपराध की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब मोबाइल नंबर और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन ट्रेल के आधार पर साइबर ठगों की तलाश में जुट गई है।
⚠️ श्रीडूंगरगढ़ टुडे की अपील:
सोशल मीडिया (फेसबुक, व्हाट्सएप आदि) पर रिश्तेदार या परिचित बनकर पैसों की मांग करने वालों या बैंक खाते की जानकारी मांगने वालों से सतर्क रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और न ही अपनी बैंक डिटेल्स साझा करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं।

