श्रीडूंगरगढ़ टुडे 28 सितंबर 2026
स्थानीय आदर्श विद्या मंदिर में सोमवार को ‘मातृशक्ति सम्मेलन’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की 301 महिलाओं ने भाग लेकर अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता श्रद्धेय स्वामी विमर्शानन्द जी महाराज ने “वर्तमान समय में बालिकाओं को संस्कारित बनाने में माता की भूमिका” विषय पर उपस्थित मातृशक्ति का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि माता बालिका की प्रथम गुरु होती है। बालिकाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार, अनुशासन तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण की नींव घर में माता द्वारा ही रखी जाती है। स्वामी जी ने माताओं से आह्वान किया कि वे अपनी बेटियों में बचपन से ही नैतिक मूल्यों, राष्ट्रभाव एवं सांस्कृतिक चेतना का बीजारोपण करें, जिससे वे समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति एवं स्थानीय गणमान्यजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष विनोद कुमार वर्मा, बालिका विद्यालय प्रबंध समिति के संरक्षण समिति सदस्य अनिल कुमार सोनी, आसाराम पारीक,लक्ष्मीनारायण भादू, ललित कुमार, श्रीमती मधु झा एवं श्रीमती भगवती पारीक मंचस्थ रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों व मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया गया।














