श्रीडूंगरगढ़ टुडे 14 जून 2026
कस्बे के बिग्गाबास स्थित वार्ड संख्या 23 व 24 में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार जलदाय विभाग की कथित लापरवाही के चलते पिछले पांच दिनों से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बंद है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड के पूर्व पार्षद मूलचंद स्वामी ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि जलदाय विभाग के सहायक अभियंता कैलाश वर्मा विभाग की नाकामी को छिपाने के लिए बिजली आपूर्ति बाधित होने का कारण बता रहे हैं, जबकि क्षेत्र में दिनभर नियमित रूप से विद्युत आपूर्ति हो रही है।
स्वामी ने आरोप लगाया कि शहर में जलापूर्ति का ठेका एक निजी फर्म को दिया गया है और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से सही मोटरों को भी खराब बताकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। इसके कारण आम जनता को पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जलापूर्ति का कोई निश्चित समय नहीं है। पिछले एक सप्ताह में केवल एक बार पानी की सप्लाई की गई, वह भी देर रात के समय, जब अधिकांश लोग सो चुके थे। ऐसे में बड़ी मात्रा में पानी नालियों में बह गया और लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल सका।
पेयजल संकट के कारण कई परिवारों को महंगे दामों पर निजी पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। गर्मी के इस मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है तथा लोगों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन एवं जलदाय विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर नियमित एवं निर्धारित समय पर जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।




