श्रीडूंगरगढ टुडे 19 जुलाई 2026
आपणों गांव सेवा समिति के बैनर तले सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह को रविवार को भावभीनी विदाई दी गई। श्री विश्वकर्मा मंदिर प्रांगण स्थित भवन में आयोजित समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कस्बे के गणमान्य नागरिकों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए सम्मानित किया।

समारोह में तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा, मनोज कुमार डागा, शिक्षाविद रूपचंद सोनी, आपणों गांव सेवा समिति के अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित तथा रेंजर सुभाष वर्मा मंचासीन रहे। वक्ताओं ने कहा कि सत्यपाल सिंह ने अपने कार्यकाल में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का सराहनीय प्रयास किया।

विदाई समारोह में भावुक हुए सत्यपाल सिंह ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ में वन्यजीव संरक्षण और पौधरोपण के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। यहां प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग से पर्यटन को भी विकसित किया जा सकता है। उन्होंने आपणों गांव सेवा समिति की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्था समाजसेवा का ऐसा मॉडल है, जो अन्य स्वयंसेवी संगठनों के लिए भी प्रेरणास्रोत और केस स्टडी बन सकता है।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित ने सम्मान पत्र का वाचन करते हुए सत्यपाल के सकारात्मक सहयोग की भूरी-भूरी प्रशंसा की। आभार ज्ञापन मनोज कुमार डागा ने किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी अपने संबोधन में सत्यपाल सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में वनपाल हरिकिशन, रामकुमार, वनरक्षक सीताराम सिद्ध, द्रौपदी, शूरवीर मोदी, एडवोकेट मोहनलाल सोनी, सत्यनारायण स्वामी, एडवोकेट प्रवीण पालीवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद रमेश शर्मा ने किया।



