श्रीडूंगरगढ टुडे 22 अक्टूबर 2026
सूडसर स्थित बालाजी धाम में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 25 अक्टूबर से दो दिवसीय मेला महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित होगा। मेले को लेकर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। इस दौरान अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ, बाबा का भव्य श्रृंगार, विशेष पूजा-अर्चना, भजन संध्या और महाआरती के साथ श्रद्धालुओं को 11 क्विंटल खीर का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।
पुजारी परिवार के महेश स्वामी ने बताया कि रविवार दोपहर बाद श्रीरामचरितमानस का सस्वर अखंड पाठ शुरू होगा, जो सोमवार तक चलेगा। सोमवार सुबह पुजारी रामचन्द्र स्वामी परिवार की ओर से बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद ज्योत प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी तथा बाबा के दरबार में श्रद्धालु शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
भव्य जागरण में गूंजेंगे बालाजी के भजन
मेला महोत्सव के तहत बाल के लाल मित्र मंडल, बीकानेर के सौजन्य से मंदिर परिसर में भव्य जागरण का आयोजन होगा। इसमें बीकानेर के मुन्ना सरकार एंड पार्टी के कलाकार बाबा के भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। भजनों की स्वर लहरियों के बीच बालाजी महाराज के जयकारों से धाम का वातावरण भक्तिमय बनेगा।
रात्रि में बाबा की महाआरती के पश्चात 11 क्विंटल खीर का महाभोग लगाया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण होगा। शरद पूर्णिमा के इस विशेष अवसर पर बालाजी धाम में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का संगम देखने को मिलेगा।











