श्रीडूंगरगढ टुडे 14 अक्टूबर 2026
लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ के रमन आईटीआई कॉलेज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘कोई भी पात्र मतदाता न छूटे’ थीम पर हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया और मतदान के महत्व की जानकारी दी गई।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना में उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल के आदेशानुसार आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व नायब तहसीलदार निर्वाचन रमेश सिंह चौहान ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नव मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया समझाते हुए पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की अपील की।
भू-अभिलेख निरीक्षक हरिराम सारण ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए, ताकि वह अपने मताधिकार का उपयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में भागीदारी निभा सके।

युवाओं को दिलाई जागरूकता की जिम्मेदारी
कार्यक्रम में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) महेश जोशी एवं श्याम सुंदर निर्वाण ने भी नव मतदाता पंजीकरण की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
निर्वाचन प्रकोष्ठ के लीलाराम मीणा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी बढ़ाना है।











