श्रीडूंगरगढ़ टुडे 8 अक्टूबर 2026
भारतीय सनातन परंपरा में नारी की गरिमा और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बैनर तले शुक्रवार को विशाल युवती सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे नानूदेवी लक्ष्मीनारायण चांडक आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित होगा।
सम्मेलन में सदु देवी पारख राजकीय कन्या महाविद्यालय, राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़, भारती निकेतन कॉलेज तथा सेसोमूं कॉलेज की छात्राएं प्रमुख रूप से भाग लेंगी।
कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर गुरुवार सुबह परिषद के जिला मुख्यालय में पदाधिकारियों द्वारा सम्मेलन से संबंधित पोस्टर का भव्य विमोचन किया गया। इसके उपरांत विभिन्न कॉलेजों से आईं छात्राओं ने भी पोस्टर विमोचन कर कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार शुरू किया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर जिला संयोजक करन जाड़िवाल, नगर मंत्री राघव लखोटिया, कार्यकर्ता नरेंद्र कूकणा, प्रोफेसर कमल चारण सहित परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान पदाधिकारियों ने शहर एवं आसपास के क्षेत्र की सभी युवतियों व छात्राओं से सम्मेलन में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।



