श्रीडूंगरगढ टुडे 20 अगस्त 2026
क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में सरकारी नलकूपों से मोटर और केबल चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच बुधवार रात बड़ी सफलता मिली है। गांव डेलवा में चोरी की नीयत से घुसे बदमाशों को ग्रामीणों की सतर्कता ने मौके पर ही धर दबोचा।
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ा
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात तीन चोरों ने डेलवा गांव में सरकारी नलकूप पर धावा बोला और इलेक्ट्रिक केबल व अन्य सामान समेटने लगे। हालांकि, आहट होने पर ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके की घेराबंदी कर दी। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जबकि दो अन्य को ग्रामीणों ने मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस ने पिकअप और चोरी का सामान किया जब्त
सूचना मिलते ही श्रीडूंगरगढ़ पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से नलकूप से काटी गई इलेक्ट्रिक केबल बरामद की है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।
अन्य चोरियों का खुलासा होने की संभावना
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले आई है और फरार तीसरे साथी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। अंचल में लंबे समय से हो रही नलकूप चोरियों के कई मामलों का खुलासा होने की संभावना है।



