श्रीडूंगरगढ टुडे 22 जुलाई 2026
श्रीडूंगरगढ़ उपखंड के डेलवा गांव स्थित राजकीय विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों द्वारा किए गए धरने का बुधवार को समाप्त हो गया। स्कूल में तालाबंदी और प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सीबीईओ सरोज वीर पूनिया मौके पर पहुंचीं और विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद दो शिक्षकों की तत्काल नियुक्ति की गई, जबकि शेष रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति का आश्वासन दिया गया।
गौरतलब है कि बुधवार सुबह बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं स्कूल पहुंचे और शिक्षकों की कमी से नाराज होकर स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरने पर बैठ गए थे। विद्यार्थियों का कहना था कि 15 स्वीकृत पदों के मुकाबले विद्यालय में केवल चार शिक्षक कार्यरत हैं, जिससे पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
मौके पर पहुंची सीबीईओ सरोज वीर पूनिया ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि बच्चों की मांग उचित है और शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो शिक्षकों की व्यवस्था कर दी है। शेष शिक्षकों की नियुक्ति भी जल्द की जाएगी।
सीबीईओ के आश्वासन और तत्काल कार्रवाई के बाद विद्यार्थियों ने धरना समाप्त कर दिया और विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां फिर से शुरू हो गईं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विभाग जल्द ही शेष रिक्त पद भी भरकर विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू करेगा।



