श्रीडूंगरगढ़ टुडे 8 अगस्त 2026
वन विभाग रेंज परिसर में शनिवार को “हरियालो राजस्थान” एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गतपर्यावरण जागरूकता एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेलवे स्टेशन स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के 60 छात्र-छात्राओं व शिक्षकगण सहित पर्यावरण प्रेमियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग के कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में सीओ निकेत पारीक, तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा, सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह सहित वन विभाग का स्टाफ मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त आपणों गांव सेवा समिति श्रीडूंगरगढ़ के अध्यक्ष जतन सिंह राजपुरोहित, पूर्व अध्यक्ष मनोज डागा, श्याम सैन, राष्ट्रीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष जीआर गोदारा, कुटुंब वन सूडसर के सदस्य अरुण दर्जी, रमेश कुमार व धीरज खोड़, गौसेवा संघ के जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी, पर्यावरण प्रेमी गणेश सिंह राजपुरोहित राजाराम, राजेश महावर, ख्यालीराम महावर, हिम्मतनाथ सहित अनेक गणमान्य नागरिको को कार्यक्रम में सहभागिता की।
बच्चों को नर्सरी का भम्रण करवाया बताई पौध तैयार करने की प्रक्रिया
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को वन विभाग की नर्सरी का भ्रमण करवाया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों को बीज चयन, पौध तैयार करने, पॉलिथीन बैग में रोपण, सिंचाई, खाद प्रबंधन, पौधों की सुरक्षा की जानकारी दी। साथ ही खेतों, घरों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाने की विधियों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि पौधा लगाना केवल एक दिन का काम नहीं है। उनकी नियमित देखभाल, पानी, सुरक्षा और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पौधा भविष्य में छाया, शुद्ध वायु, जैव-विविधता और पर्यावरण संतुलन का आधार बनता है।
पौधारोपण कर लिया देखभाल का संकल्प
विद्यार्थियों ने अपने हाथों से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अपने परिवार, पड़ोस व विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
वन अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें जीवित रखने का आह्वान करते हुए कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों की निरंतर निगरानी और देखभाल सुनिश्चित हो। इस अवसर पर उपस्थित पर्यावरण प्रेमियों ने भी अभियान को जन-अभियान बनाने तथा श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र को हराभरा बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह ने सभी अतिथियों, पर्यावरण प्रेमियों, विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और वन विभाग के कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।








