श्रीडूंगरगढ टुडे 3 सितंबर 2026
नगरपालिका चुनाव में नामांकन वापसी के अंतिम दिन गुरुवार को दोपहर 3 बजे तक 8 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इसके साथ ही 40 वार्डों में चुनावी तस्वीर साफ हो गई है और अब कुल 168 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमाएंगे।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम झंवरलाल मित्तल के अनुसार वार्ड 37 से राजेश शर्मा, वार्ड 13 से गीतादेवी, वार्ड 34 से रामचन्द्र सुनार और पवन बूटन, वार्ड 19 से ओमप्रकाश, वार्ड 6 से छाया मोदी, वार्ड 18 से चंचल सोनी तथा वार्ड 32 से पवन कुमार नाई ने अपने नामांकन वापस ले लिए।
बता देवें बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ में 7 निर्दलीय अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए थे। नामांकन वापस लेने वालों में वार्ड नंबर 6 से कमला देवी, वार्ड नंबर 27 से गुड़ी देवी, वार्ड नंबर 18 से संतोष, वार्ड नंबर 8 से मघराज, विकास कुमार और सुरेंद्र तथा वार्ड नंबर 26 से सीमा देवी शामिल है।
नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नगरपालिका के सभी 40 वार्डों में प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। चुनावी मैदान में उतरे 168 प्रत्याशी अब मतदाताओं के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाने में ताकत लगाएंगे। नामांकन वापसी के साथ ही कई वार्डों में मुकाबले रोचक होने की संभावना है और चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।



