श्रीडूंगरगढ टुडे 14 अगस्त 2026
सावन में शिव भक्तों द्वारा पवित्र नदियों या सरोवर से जल लेकर शिव का जलाभिषेक किया जाता है। इसी परंपरा का निर्वहन करने के लिए श्रीडूंगरगढ़ से कावड़िए कोलायत पहुंचे। कांवड़ियों ने कपिल मुनि एवं भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना कर कोलायत सरोवर का पवित्र जल भरकर जयकारों के साथ श्रीडूंगरगढ़ के लिए पैदल यात्रा प्रारंभ की। कांवड़ यात्रा में श्रद्धालु हंसराज माली, मालाराम सुथार, जगदीश शर्मा, रमाकांत झंवर, शिव माली एवं राजू शर्मा, दानाराम सारण सहित अन्य शिवभक्त शामिल हैं। शुक्रवार को कांवड़ियों के बीकानेर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर एडवोकेट कमल किशोर साध, पूर्व पहलवान महावीर कुमार सहदेव, नारायण सिंह भुट्टा, सुरेंद्र सिंह राजपूत, चंचल पुरी, श्याम सुथार सहित अन्य लोगों ने कांवड़ियों को माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा जलपान करवाकर शिवभक्त कांवड़ियों की धार्मिक यात्रा की मंगलकामना करते हुए भगवान ओंकारेश्वर महादेव से क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। बता देवें की कांवड़िए पवित्र जल लेकर पैदल आगामी सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ पहुंचेंगे, जहां उनका डीजे, पुष्पवर्षा एवं जयकारों के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। कांवड़िए 17 अगस्त, सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ स्थित श्री ओंकारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन करेंगे। यह कांवड़ यात्रा शिवभक्ति, आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक बनी हुई है।







