श्रीडूंगरगढ़ टुडे 7 अक्टूबर 2026
नगरपालिका परिसर में बुधवार को ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शाम चार बजे तक वार्ड संख्या 1 से 5 तक के नागरिकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिसमें कुल 14 परिवाद प्राप्त हुए।
शिविर में मुख्य रूप से चैंबर व सड़क मरम्मत की 3, रोड लाइट की 1, सफाई संबंधी 3 तथा अन्य जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन आए। आमजन की सुविधा के लिए शिविर में बिजली, पानी सहित पांच प्रमुख विभागों की टेबलें लगाई गईं। पालिका कार्मिकों ने परिवाद प्राप्त किए, वहीं सफाई निरीक्षक (एसआई) कमल चांवरिया ने बताया कि सफाई से जुड़ी शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए मौके पर ही प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
अम्बेडकर कॉलोनी (वार्ड 1 व 2) की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
शिविर के दौरान वार्ड नंबर 1 एवं 2 स्थित अम्बेडकर कॉलोनी (कालूबास) की विभिन्न बुनियादी समस्याओं के समाधान हेतु सक्रिय युवा संदीप जयपाल के नेतृत्व में वार्डवासियों ने अधिकारियों को 9 सूत्री मांग पत्र सौंपा।
प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं:
- हाई मास्ट लाइट मरम्मत: राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, अम्बेडकर कॉलोनी के पीछे मेघवाल समाज श्मशान भूमि में बंद पड़ी हाई मास्ट लाइट को दुरुस्त कर चालू किया जाए।
- सफाई व्यवस्था: अम्बेडकर चौक, पूर्व पार्षद हीरालाल मेघवाल के निवास के पास तथा स्कूल परिसर के आसपास जमा कचरे को हटवाकर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
- स्पीड ब्रेकर व संकेतक: वार्ड 2 के अम्बेडकर चौक पर 5–6 गलियों के मिलन स्थल और दो स्कूलों की मौजूदगी को देखते हुए दुर्घटना रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर व चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
- नाली व सड़क मरम्मत: सेवाराम दमामी के घर के सामने तथा दीपराम तावनियां के पास टूटी नालियों का पुनर्निर्माण और सड़क के बड़े गड्ढों को भरा जाए।
- श्मशान भूमि में वॉकिंग ट्रैक: मेघवाल समाज श्मशान भूमि में आवागमन को सुगम बनाने हेतु वॉकिंग ट्रैक का निर्माण करवाया जाए।
- सीवरेज कार्य व मलबा हटाना: सीवरेज लाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत की जाए तथा सड़कों पर पड़ा मलबा तुरंत हटाया जाए।
- सार्वजनिक शौचालय में सुविधाएं: स्कूल के पास बने सार्वजनिक शौचालय में जलापूर्ति शुरू करवाई जाए एवं दैनिक सफाई सुनिश्चित की जाए।
- रोड लाइट की व्यवस्था: बेगराज व चेतन मेघवाल वाली गली में रात के अंधेरे को दूर करने हेतु स्थल निरीक्षण कर पर्याप्त रोड लाइटें लगाई जाएं।
- RCC सड़क का निर्माण: कच्ची व रेतीली गली में बारिश के समय होने वाले कीचड़ व जलभराव से राहत दिलाने हेतु माप करवाकर RCC सीमेंटेड सड़क बनाई जाए।











