श्रीडूंगरगढ़ टुडे 8 अक्टूबर 2026
पालिका परिसर में ‘सेवा सेतु अभियान 2026’ के तहत आयोजित शिविर में गुरुवार को पालिका प्रशासन को कुल 14 परिवादें प्राप्त हुईं। शिविर के दौरान पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी तथा उपाध्यक्ष विनोदगिरी गुसाई सहित विभिन्न विभागों के कार्मिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। पालिकाध्यक्ष कलाणी ने सफाई व्यवस्था तथा खंभों पर बंद पड़ी लाइटों को तुरंत दुरुस्त करवाने से संबंधित परिवादों का मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि शुक्रवार, 9 अक्टूबर को यह शिविर वार्ड संख्या 11 से 14 तक के निवासियों के लिए आयोजित किया जाएगा।
प्रमुख मांगें एवं ज्ञापन
- वार्ड 10 (पार्षद प्रतिनिधि नानूराम कुचेरिया):
- प्रजापति भवन से मदर इंडिया स्कूल तथा आनंद जोशी के मकान से होते हुए जोशी हॉस्पिटल तक 3-4 फुट गहरा नाला निर्माण।
- एनएच 11 से धनराजनाथ के मकान से लालचंद कुचेरिया के मकान तक पक्की सड़क का निर्माण।
- जसनाथजी बाड़ी पुल से गंगाराम सुथार के मकान होते हुए जोशी अस्पताल तक नाला निर्माण।
- श्रवण सुनार के मकान से हीरालाल पटवारी के मकान तक एवं ईसरलाल बोरावड़ के मकान से गोरधन नोखवाल के मकान तक नाली निर्माण।
- मोहल्ले में 10 नई रोड लाइटें लगाने तथा जसनाथजी की बाड़ी व गंगाराम सुथार के मकान के आगे सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग।
- भंवरलाल कुचेरिया के मकान से केके जांगिड़ के मकान से होकर एनएच 11 तक घरेलू पेयजल पाइपलाइन बिछाना।
- वार्ड 6 (पार्षद अंजूदेवी पारख):
- गांधी पार्क के पास नाली की गहराई कम कर सुचारू जल निकासी व्यवस्था बनाना तथा पार्क के चारों ओर छोटी पक्की नालियां बनवाना।
- उपजिला अस्पताल से पहले गोपाल राठी की दुकान के पास चौराहे पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण।
- भारत टेलर्स से चुन्नीलालजी भंसाली के घर तक एवं लाल मोहम्मद चांगल के घर से शुभ नौलखा के घर तक सीसी रोड का निर्माण।
- उपजिला अस्पताल के पास बालिका स्कूल के पीछे टूटे चैंबरों की मरम्मत, खुले चैंबरों पर ढक्कन लगवाना तथा ताल मैदान की मुकम्मल सफाई।
- मुख्य बाजार में टैक्सी स्टैंड से ताल मैदान तक सड़क की सफाई एवं गड्ढों की भरपाई।
- स्वास्थ्य एवं एंबुलेंस सुविधा (मनोज कुमार प्रजापत):
- वार्ड 23 के सक्रिय युवा मनोज कुमार प्रजापत ने शहर में गर्भवती महिलाओं को समय पर सरकारी एंबुलेंस न मिलने का मुद्दा उठाया और पालिका स्तर पर आपातकालीन एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग रखी।















