श्रीडूंगरगढ़ टुडे 9 अक्टूबर 2026
श्रीओसवाल पंचायत के चुनाव संपन्न होने के बाद अब समाज का अंदरूनी विवाद पुलिस थाने तक पहुंच गया है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष द्वारा बार-बार आग्रह किए जाने के बावजूद उन्हें संस्था की शक्तियां और प्रभार नहीं सौंपे जाने को लेकर कलह बढ़ गई है।
श्रीओसवाल पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नारायण गोलछा ने पूर्व अध्यक्ष विनोद भादानी और उनके साथियों के खिलाफ संस्था की संपत्ति, हिसाब-किताब व रुपयों का दुरुपयोग करने तथा पद का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।
क्या है पूरा मामला?
- चुनावी पृष्ठभूमि: श्रीओसवाल पंचायत के चुनाव 27 सितंबर को संपन्न हुए थे। इसके बाद चुनाव अधिकारी विमल पुगलिया ने 29 सितंबर को नारायण गोलछा को वर्ष 2026-2028 तक के लिए संस्था के अध्यक्ष का कार्यभार सौंपा।
- विधान का उल्लंघन: संस्था के नियमानुसार, पूर्व कार्यकारिणी को नए अध्यक्ष को संस्था भवन की चाबी, दस्तावेज, हिसाब-किताब, नकदी, चेकबुक और बैंक पासबुक सौंपनी होती है।
- चार्ज न देने का आरोप: परिवादी नारायण गोलछा का आरोप है कि पूर्व अध्यक्ष विनोद भादानी, पूर्व मंत्री कांतिकुमार पुगलिया तथा ओसवाल मुक्तिधाम व जैन मंदिर संयोजक अशोक बैद ने अभी तक संस्था पर कब्जा जमा रखा है और 30 सितंबर को पत्र देने के बावजूद दस्तावेज व हिसाब नहीं सौंपा।
- छल-कपट व दुरुपयोग: परिवादी ने बताया कि पद पर न रहते हुए भी पूर्व अध्यक्ष संस्था के चेक पर हस्ताक्षर कर रहे हैं और संस्था की संपत्ति का अनुचित उपयोग कर रहे हैं।
- पुलिस ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल लेखराम को सौंपी गई है।











