श्रीडूंगरगढ़ टुडे 5 अक्टूबर 2026
शिव विधानसभा क्षेत्र से विधायक रवींद्र सिंह भाटी की ओर से चलाई जा रही ‘ईडब्ल्यूएस (EWS) सरलीकरण जन जागृति यात्रा’ का द्वितीय चरण सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ पहुंचा। बीकानेर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित होने वाले इस चरण की शुरुआत श्रीडूंगरगढ़ से हुई, जहां यात्रा के पहुंचने पर युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने विधायक भाटी का जोरदार व भव्य स्वागत किया।
जगह-जगह पुष्पवर्षा, 2 घंटे में पूरा हुआ ताल मैदान तक का मार्ग
विधायक भाटी का काफिला घूमचक्कर सर्किल से मुख्य बाजार होते हुए हाई स्कूल (ताल) मैदान की ओर बढ़ा। इस दौरान मार्ग में कदम-कदम पर उत्साही समर्थकों व युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। डीजे व वाहनों के साथ पहुंचे युवाओं के उत्साह के कारण घूमचक्कर से ताल मैदान तक की दूरी तय करने में लगभग दो घंटे से अधिक का समय लगा।
- विकास मंच ने किया स्वागत: मुख्य बाजार में श्रीडूंगरगढ़ विकास मंच के नेता शूरवीर मोदी के नेतृत्व में पार्षदों, मंच सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने विधायक भाटी का अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें तलवार भेंट की गई और दुर्गा पान भंडार का पान खिलाया गया।
- 40 किलो की माला व पगड़ी से सम्मान: जनसभा स्थल पर भाटी का बड़ी फूलमाला और 40 किलो का साफा पहनाकर भव्य अभिनंदन किया गया। साथ ही एक बालिका ने उनका तिलक लगाकर स्वागत किया।
- खेजड़ी का वृक्ष देकर सम्मान-वहीं गोसेवक आनंद जोशी ने राष्ट्रीय वृक्ष खेड़जी का पौधा देकर रविन्द्र भाटी का स्वागत किया
- बालक को पहनाई पाग (पगड़ी): रोड शो के दौरान मुख्य बाजार में अपने पिता के कंधों पर बैठा बालक गौतम सारस्वत हाथ में तख्ती लिए हुए था, जिस पर लिखा था — “आज आप हमारे भविष्य के लिए लड़ेंगे, आने वाले समय में हम आपके लिए लड़ेंगे।” यह देखकर विधायक भाटी ने बालक को भीड़ से आगे बुलाकर स्वयं अपने हाथों से पगड़ी (पाग) पहनाई।
जनसभा में गरजे भाटी — “अब रोया बिना मायड़ दूध नहीं पावै, आवाज उठानी ही पड़सी”
हाई स्कूल मैदान (ताल मैदान) में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक रवींद्र सिंह भाटी ने करणी माता, पूनरासर, तोलियासर, बिगाजी, तेजाजी, जसनाथ जी व सरसजी महाराज के जयकारों के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की।
अपनी मारवाड़ी और ओजस्वी शैली में भाटी ने कहा:
“श्रीडूंगरगढ़ शूरवीरों और वीरों की धरती है। आज मैं यहां वोट मांगने नहीं आया हूं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब, पिछड़े और अनारक्षित वर्ग को उनका हक दिलाने के लिए समर्थन मांगने आया हूं। अब रोया बिना मायड़ दूध नहीं पावै, अगर सब लोग मिलकर आवाज नहीं उठाएंगे तो कोई सुनने वाला नहीं है। आगामी पंचायत चुनावों में जब भी कोई नेता वोट मांगने आए, तो उससे EWS सरलीकरण की बात करें, ताकि जयपुर और दिल्ली की डबल इंजन सरकार तक आवाज पहुंचे और गरीब युवाओं को उनका हक मिले। यदि EWS नियमों का सरलीकरण होता है तो गांव-ढाणी में बैठे युवाओं को नौकरी की उम्मीद बंधेगी। अपने अधिकारों और मुद्दों के लिए लड़ने हेतु यदि मुझे जेल भी जाना पड़ा, तो मैं तैयार हूं।”
भाटी ने युवाओं से EWS व्यवस्था से जुड़ी विसंगतियों को दूर करवाने और नियमों के सरलीकरण के लिए इस आंदोलन/अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा जनप्रतिनिधियों से सीधे सवाल करने का आह्वान किया। उन्होंने मंच से “आवाज दो हम एक हैं” के नारे के साथ सभा का समापन किया।
मंच पर मौजूद प्रमुख जन व कार्यक्रम संचालन
जनसभा के मंच पर एडवोकेट भरतसिंह राठौड़ ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस दौरान विकास मंच के पूर्व प्रधान छैलूसिंह शेखावत, संयोजक शूरवीर मोदी, तुलसीराम चोरड़िया, कल्याणसिंह झाड़ेऊ, श्रवण कुमार सिंधी, सत्यनारायण प्रजापत, भंवरसिंह चंद्रावत, श्रवणकुमार नाई, गजानंद बोहरा, बंशीलाल धारणियां, संजय कुमार करनाणी, रतनसिंह केजू, हिम्मंताराम गोदारा, सद्दाम कायमखानी, संतोष बोहरा, भंवरसिंह झाड़ेऊ, आनंद जोशी, गोविंद माली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन अगरसिंह कोटासर और संदीपसिंह पुंदलसर ने किया।
लूणकरणसर के लिए हुए रवाना
श्रीडूंगरगढ़ में सफल जनसभा और युवाओं से संवाद के बाद विधायक रवींद्र सिंह भाटी का काफिला लूणकरणसर के लिए रवाना हो गया। EWS सरलीकरण जन जागृति यात्रा के इस दूसरे चरण के तहत बीकानेर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।





















