श्रीडूंगरगढ़ टुडे 29 अक्टूबर 2026
क्षेत्र में गुरुवार को सुहागिन महिलाओं द्वारा पति की लंबी आयु, सुखी दांपत्य जीवन और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ करवा चौथ का व्रत अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ रखा गया। सुबह से ही महिलाओं में इस पर्व को लेकर खासा उत्साह और उमंग नजर आई।
दिनभर रखा निर्जला व्रत,सोलह श्रृंगार कर की पूजा
महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार करवा चौथ का पूजन किया और अपने सुहाग की मंगलकामना की। इस पावन अवसर पर महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर पूजा की विशेष तैयारियां कीं। हाथों में मेहंदी, पारंपरिक परिधान और आभूषणों से सजी महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
सामूहिक कथा और चंद्र दर्शन के साथ खुला व्रत
शाम के समय महिलाओं ने सामूहिक रूप से एकत्रित होकर करवा चौथ की कथा सुनी और पूरी विधि-विधान के साथ पूजन संपन्न किया। रात को चंद्रमा के दर्शन कर और उन्हें अर्घ्य देने के बाद महिलाओं ने अपना व्रत खोला।
करवा चौथ के इस पावन त्योंहार पर घरों में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। महिलाओं ने एक-दूसरे को गले मिलकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का परिचय दिया।





















