श्रीडूंगरगढ़ टुडे 14 जून 2026
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव लिखमादेसर रोही में महिला की ढाणी को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों द्वारा लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवादिया कमला देवी पत्नी भगवान नाथ सिद्ध ने इस्तगासे के जरिए मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि 1 जून को उनकी ढाणी में रात के समय अज्ञात व्यक्ति घुस आया। उस दौरान वह और उनकी पुत्री घर पर नहीं थे। इसी का फायदा उठाकर चोर घर में रखे कीमती आभूषण और नकदी चुरा ले गए।
रिपोर्ट के अनुसार चोरी हुए सामान में करीब 2.5 भरी सोने की गलसरी, 2.5 भरी सोने का टड्डा, 2.5 भरी सोने के तीन जोड़ी कुंडल-झुमरे, एक भरी सोने की दो अंगूठियां, एक भरी सोने का बोरिया (रखड़ी), पांच सोने के फूलड़े, 14 नग सोने के मणीए, करीब दो भरी वजन के चार बड़े फूलड़े, इसके अलावा 20 भरी चांदी की एक जोड़ी पायजेब, 30 भरी चांदी की तीन जोड़ी पायजेब तथा 21,500 रुपये नकद शामिल हैं।
पीड़िता ने चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई है। मामले में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने धारा 380 और 457 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रकरण की जांच एएसआई गजेन्द्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।




