श्रीडूंगरगढ टुडे 4 अगस्त 2026
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव उदरासर से एक दुःखद खबर सामने आई है। जहां एक 5 वर्षीय बालक की झुलसने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार घर में आयोजित कार्यक्रम (शोकसभा) में आए रिश्तेदारों के लिए बन रही गर्म दाल के भगोने में 5 साल का मासूम गिर गया। बच्चा चीखा तो परिजन दौड़े और उसे भगोने से बाहर निकाला इसके बाद तुरंत अस्पताल ले गए। जहां एक दिन चले इलाज के बाद मासूम ने दम तोड़ दिया। हादसा रविवार का हुआ था।
पुलिस के अनुसार उदरासर निवासी कानाराम मेघवाल के भाई डूंगरराम की मृत्यु के बाद रविवार को घर में शोक का आठवां दिन था। दोपहर करीब 3 बजे घर में एकत्र हुए सभी रिश्तेदारों के लिए भोजन पकाया जा रहा था। भोजन में बनाई गई दाल एक बड़े टोपिए में डाल कर आंगन में रखी गई थी। भगोने पर ढक्कन नहीं था और वहीं पास ही खेलते खेलते अचानक कानाराम का 5 वर्षीय मासूम पोता संकेत पुत्र बाबूलाल गर्म दाल में गिर गया। गर्म दाल से संकेत बुरी तरह से झूलस गया और उसे उपजिला अस्पताल से बीकानेर पीबीएम रेफर कर दिया गया।
इसके बाद गांव में गमगीन माहौल के बीच उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और स्थानीय क्षेत्र में गहरा शोक है।
श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।। मामले की जांच एएसआई राजकुमार को सौंपी गई है।
सावधानी संदेशः अपने छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें और रसोई व गर्म सामान की जगह से उन्हें दूर रखें।




