श्रीडूंगरगढ़ टुडे 5 जून 2026
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को तालुका विधिक सेवा समिति, श्रीडूंगरगढ़ के तत्वावधान में न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (RSLSA) जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) बीकानेर के जून-2026 एक्शन प्लान के तहत किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़ (एसीजेएम) तथा समिति की सचिव कोमल चौपड़ा ने किया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मचारियों ने मिलकर परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वृक्षारोपण अभियान में अपर लोक अभियोजक सोहन नाथ सिद्ध, वरिष्ठ अधिवक्ता सत्यनारायण प्रजापत, के.के. पुरोहित, रामलाल नायक, ओमप्रकाश मिडल,अनिल धायल, संजय बोहरा, रणवीर सिंह खीची, सुखदेव व्यास, आकाश, जितेंद्र स्वामी, धर्मेंद्र सिंह व पेशकार दिनेश मीणा सहित अनेक अधिवक्ताओं एवं न्यायालय स्टाफ ने भाग लिया। पौधों की व्यवस्था एवं कार्यक्रम संचालन में पैरा लीगल वॉलेंटियर बलराम बेनीवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस दौरान आयोजित लघु कार्यशाला में उपस्थित जनों को विधिक जानकारियों से रूबरू कराया गया। एक्शन प्लान के अनुसार, इस बार का पर्यावरण दिवस ‘RSLSA सृजन की सुरक्षा’ ( इको-फेमिनिज्म पहल) को समर्पित किया गया। विधिक टीम द्वारा आमजन को भारतीय संविधान के तहत नागरिकों के पर्यावरण संबंधी मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी गई। साथ ही, पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वाले कारकों जैसे- अवैध पेड़ कटाई, बढ़ता प्रदूषण और प्लास्टिक/कचरा डंपिंग की रोकथाम के लिए उपलब्ध विधिक उपचारों (Legal Remedies) और शिकायत दर्ज कराने की प्रणालियों (Reporting Mechanisms) के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं संवैधानिक दायित्व है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।


