श्रीडूंगरगढ़ टुडे 1 जून 2026
जून शुरू होने के साथ ही कई बड़े बदलाव किए गए है। पेट्रोल, डीजल और ATF, यानी हवाई जहाज के ईंधन पर नई एक्सपोर्ट ड्यूटी आज से लागू हो गई है।
पेट्रोल, डीजल और ATF पर एक्सपोर्ट ड्यूटी घटी
बदलाव: केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और हवाई जहाज के ईंधन पर एक्सपोर्ट ड्यूटी घटा दी है। नई दरें आज 1 जून से लागू हो गई है।
पेट्रोल के निर्यात पर ड्यूटी 1.5 रुपए प्रति लीटर तय की गई है।
डीजल के निर्यात पर ड्यूटी 13.5 रुपए प्रति लीटर रखी गई है।
हवाई जहाज के ईंधन (ATF) के निर्यात पर ड्यूटी 9.5 रुपए प्रति लीटर तय की गई है।
असर: यह एक प्रकार का टैक्स है जो सरकार देश से बाहर बेची जाने वाली वस्तुओं पर लगाती है। टैक्स कम होने से रिफाइनरी कंपनियों को ज्यादा मुनाफा होगा। घरेलू पेट्रोल-डीजल के दामों पर कोई बदलाव नहीं होगा।
HDFC बैंक में छोटे UPI ट्रांजैक्शन पर SMS अलर्ट बंद होगा
पैसे भेजने पर : जब आप ₹100 से ज्यादा किसी को ट्रांसफर करेंगे, तभी SMS आएगा।
पैसे मिलने पर: जब आपके खाते में ₹500 से ज्यादा की रकम आएगी, तभी SMS आएगा।
असर: अक्सर दिनभर में चाय, सब्जी या छोटे-मोटे खर्चों के लिए ₹10, ₹20 या ₹50 के कई UPI पेमेंट होते हैं। इनके बार-बार आने वाले मैसेज से इनबॉक्स भर जाता था, जिससे अब राहत मिलेगी।
सब्सिडी वाले सोलर पैनल पर सख्त नियम
बदलाव: अब रूफटॉप सोलर और नेट-मीटरिंग प्रोजेक्ट्स में सरकार के मान्यता प्राप्त मैन्युफैक्चर्स के ही सोलर पैनलों का उपयोग होगा।
असर: इस फैसले के कारण घरेलू स्तर पर बने प्रमाणित पैनलों की मांग बढ़ेगी। इससे उपभोक्ताओं को शुरुआती खर्च तो ज्यादा देना पड़ेगा, लेकिन लंबे समय के लिए बेहतर क्वालिटी और वारंटी वाले सुरक्षित सोलर सिस्टम की गारंटी मिलेगी।
महंगाई का एक और झटका, सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी
तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की है. नई दरों के अनुसार, दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 42 रुपये महंगा होकर अब 3113.50 रुपये का हो गया है. वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3255.50 रुपये पहुंच गई है. ये बदलाव 1 जून से प्रभावी होगा, जिससे होटल, रेस्तरां, ढाबा और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ बढ़ सकता है. हालांकि, घरेलू इस्तेमाल के सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. व्यावसायिक इस्तेमाल वाले 19 किलोग्राम के गैस सिलेंडर की दरों में महानगरों के अंदर अलग-अलग बढ़ोतरी की गई है. दिल्ली में
जहां प्रति सिलेंडर 42 रुपये ज्यादा देने होंगे. वहीं, कोलकाता के व्यापारियों पर 53.50 रुपये का ज्यादा वित्तीय बोझ पड़ेगा, जिससे दोनों शहरों में कमर्शियल एलपीजी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं. कमर्शियल सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी ऐसे वक्त में हुई है, जब कारोबार पहले से ही ईंधन और परिवहन की बढ़ती लागत से जूझ रहे हैं.
इसके अलावा तेल विपणन कंपनियों ने छोटे व्यापारियों और नागरिकों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 5 किलोग्राम के एफटीएल सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये का इजाफा किया है, जिसके बाद दिल्ली में ये छोटा सिलेंडर अब 821.50 रुपये की नई दर पर मिलेगा. राहत की एकमात्र बात ये है कि घरों में इस्तेमाल होने वाले चौदह दशमलव दो किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई भी बदलाव नहीं किया गया है।
आपको बता दें कि साल 2026 की शुरुआत से ही कमर्शियल सिलेंडर के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. दिल्ली में जनवरी में 19 किलो के व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत 1,691.50 रुपये थी. फरवरी में 49 रुपये, मार्च में 115 रुपये, अप्रैल में 195. 50 रुपये और मई में प्रति सिलेंडर कीमतों में चौंका देने वाली 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. पिछले छह महीनों में बार-बार कीमतों में संशोधन के बाद, अब दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,113.50 रुपये हो गई है।


