श्रीडूंगरगढ टुडे 27 अगस्त 2026
राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘नई किरण नशा मुक्ति अभियान’ के अंतर्गत एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इसके साथ ही महाविद्यालय में ‘संस्कृत सप्ताह’ भी धूमधाम से मनाया गया।
नशे के खिलाफ जागरूकता और योग का महत्व
कार्यक्रम में व्याख्यान हेतु योग गुरु श्री ओम प्रकाश कालवा को आमंत्रित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में फंस रही है, जिससे न केवल उनका स्वयं का जीवन बल्कि पूरा समाज प्रभावित हो रहा है। उन्होंने नशे के सेवन से शरीर पर होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों की जानकारी दी और स्वस्थ जीवन शैली के लिए योग के महत्व को विस्तार से समझाया।
संस्कृत सप्ताह और प्रेरणादायी विचार
कार्यक्रम के दौरान संस्कृत सप्ताह का आयोजन भी किया गया। वक्ताओं ने संस्कृत को हमारी जननी भाषा बताते हुए इसके अस्तित्व को बनाए रखने पर बल दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य अमित तंवर एवं सहायक आचार्य नरपत सिंह चारण ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपनी संस्कृति से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। नशा मुक्ति प्रभारी श्रीमती निशा सोडा एवं सुश्री शुभनंदिनी ने इस कार्यक्रम के जरिए नशे के खिलाफ जन जागरूकता फैलाने तथा उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।





