श्रीडूंगरगढ टुडे 31 जुलाई 2026
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बीदासरिया में विषयानुसार शिक्षकों एवं अन्य शैक्षणिक पदों की स्वीकृति की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा से मिला प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने का मुद्दा उठाते हुए शीघ्र स्थायी पद स्वीकृत कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि विद्यालय उच्च माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत होने के बावजूद लंबे समय से विषयानुसार शिक्षकों एवं स्वीकृत शैक्षणिक पदों की कमी से जूझ रहा है। इसके कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है। हाल ही में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने विषयानुसार शिक्षकों की मांग को लेकर दो दिनों तक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया था। आंदोलन के बाद शिक्षा विभाग ने पूरे शैक्षणिक सत्र के लिए पांच शिक्षकों की व्यवस्था का आश्वासन दिया लेकिन विद्यालय में स्थायी शैक्षणिक पदों की स्वीकृति अभी भी लंबित है।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोहन लाल मेघवाल, बीदासरिया ने कहा, “हमारा उद्देश्य किसी प्रकार का विरोध करना नहीं, बल्कि गांव के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। अस्थायी व्यवस्था के साथ-साथ विद्यालय में स्थायी शैक्षणिक पदों की स्वीकृति भी आवश्यक है, ताकि भविष्य में विद्यार्थियों को शिक्षकों की कमी का सामना न करना पड़े। हमने माननीय मंत्री जी से इस विषय में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।”
कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी और विद्यालय की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सरपंच राजूराम घणघस, वार्ड पंच श्रवण कुमार लूखा, तोला राम मेघवाल, विशाल सिंह सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री स्तर पर हस्तक्षेप के बाद विद्यालय में स्थायी शैक्षणिक पदों की स्वीकृति एवं विषयानुसार शिक्षकों की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।



