बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में नकली करेंसी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नकली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 500-500 रुपये के कुल 156 नकली नोट जब्त किए हैं। साथ ही मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
थाना अधिकारी कश्यप सिंह से मिली जानकारी के अनुसार सब इंस्पेक्टर पवन कुमार शर्मा की टीम ने श्री डूंगरगढ़ बीकानेर नेशनल हाईवे 11 पर हेमासर फांटे के पास स्थित सांवरिया सेठ होटल में दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया और नकली नोट बनाने के गिरोह का भड़ाफोड़ किया। पुलिस को यहां नकली नोट बनाने की गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान नकली नोट बनाने में उपयोग किए जा रहे दो प्रिंटर, एक कट्टर मशीन तथा अन्य सामग्री भी जब्त की गई ।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हेमासर निवासी श्याम मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ निवासी आशीष ब्राह्मण पुदलसर निवासी जितेंद्र सिंह, तथा इनपालसर बड़ा निवासी नारायण शर्मा के रूप में हुई है इसमें एक आरोपी जितेंद्र सिंह होमगार्ड का जवान है। थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि जिस सांवरिया सेठ होटल में यह कार्रवाई की गई वह श्रीडूंगरगढ़ निवासी आरोपी आशीष ब्राह्मण चला रहा है।
पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में नकली करेंसी तैयार कर बाजार में खपाने की आशंका जताई जा रही है। इस पूरे प्रकरण में कोटगेट पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है उसके बाद अनुसंधान के बाद कई अन्य लोगों की भी गिरफ्तारियां हो सकती है।
सीओ निकेत पारीक के सुपरविजन में एसएचओ कश्यप सिंह के निर्देशन में एसआई पवन कुमार शर्मा की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया और विशेष भूमिका कांस्टेबल पुनीत कुमार की रही। टीम में कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, कैलाश और अशोक भी शामिल रहे।



