श्रीडूंगरगढ टुडे 19 अगस्त 2026
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद दक्षिण मुंबई द्वारा आयोजित नेत्रदान पखवाड़ा के तहत नेत्रदान जागरूकता अभियान के बैनर का विमोचन महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक राहुल नार्वेकर के करकमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष देवेंद्र डागलिया, तेरापंथ युवक परिषद दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष सुमीत सुराणा एवं सहमंत्री दीपेश बोराणा उपस्थित रहे।
तेरापंथ युवक परिषद दक्षिण मुंबई की टीम द्वारा नेत्रदान पखवाड़ा के तहत लोगो के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 25 अगस्त से 8 सितंबर तक दक्षिण मुंबई में विभिन्न स्थानों पर नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम, सेमिनार, जनसंपर्क अभियान एवं रैली का आयोजन किया जाएगा। टीम द्वारा लोगों को नेत्रदान के महत्व, नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने तथा मृत्यु के पश्चात नेत्रदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी लाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
परिषद का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग नेत्रदान का संकल्प लें और समाज में यह संदेश पहुंचे कि नेत्रदान केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि किसी के अंधकारमय जीवन में रोशनी देने का महान अवसर है।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने तेरापंथ युवक परिषद दक्षिण मुंबई के इस सामाजिक एवं मानवीय पहल की सराहना करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए शुभकामनाएं दीं।



