श्रीडूंगरगढ टुडे 11 अक्टूबर 2026
शारदीय नवरात्र के पहले ही दिन क्षेत्र के प्रसिद्ध कितासर भाटियान स्थित माँ करणी के रोहिड़ा धाम मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर में विधि-विधान के साथ घट स्थापना की गई, जिसमें बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालुओं ने माँ के दरबार में माथा टेककर अपनी मन्नतें मांगी और आरती में भाग लिया।
रविवार को करणी युवा मंडल के बैनर तले गांव कितासर के मुख्य करणी मंदिर से रोहिड़ा धाम मंदिर तक एक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा का मुख्य आकर्षण 51 मीटर लंबी चूनरी रही, जिसे युवा ढोल-ढमाकों और माता के जयकारों के साथ माँ के दरबार लेकर पहुंचे।
झांकियों और पुष्पवर्षा से सजा मार्ग
शोभा यात्रा के दौरान विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां सजाई गईं। मंगल कलश धारण किए हुए महिलाओं ने यात्रा की शोभा बढ़ाई। पूरे मार्ग में उत्साही युवाओं द्वारा लोढर (क्रेन) के माध्यम से चूनरी और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई, तथा जमकर गुलाल-रंग उड़ाए गए। पूरा ग्रामीण अंचल माँ करणी के जयकारों से गूंज उठा और चहुंओर भक्तिमय उल्लास नजर आया।
बड़ी संख्या में पहुंचे अंचल के भक्त
कितासर भाटियान के रोहिड़ा धाम में श्रीडूंगरगढ़ शहर सहित पूरे अंचल से बड़ी संख्या में भक्त धोक लगाने पहुंचे। मंदिर समिति के अनुसार, नवरात्र के इन नौ दिनों में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, आगामी माँ करणी जन्मोत्सव पर एक भव्य एवं विशाल आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
📰 श्रीडूंगरगढ़ टुडे पर क्षेत्र की हर विश्वसनीय और तेज खबर से जुड़े रहें।








