श्रीडूंगरगढ़ टुडे 24 सितंबर 2026
तेरापंथ धर्मसंघ के आद्य प्रवर्तक स्वामी श्री भिक्षु के 224वें चरमोत्सव के पावन अवसर पर कस्बे के मालू भवन में भव्य धम्म जागरण का आयोजन किया गया। भक्ति संध्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने अगाध श्रद्धा और समर्पण के साथ आचार्य भिक्षु के चरणों में भावांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम साध्वी श्री लक्ष्यप्रभा जी के पावन सान्निध्य में आयोजित हुआ। “श्रद्धा स्वीकारो तेरापंथ रा अधिदेवता, शक्ति संचारो तेरापंथ शासन-देवता” के जयघोषों और भक्तिमय भावों के साथ शुरू हुई इस आध्यात्मिक संध्या में साध्वी श्री ने अपने उद्बोधन में आचार्य भिक्षु के त्यागमय जीवन, कठोर सिद्धांतों एवं धर्मसंघ के प्रति उनके अतुलनीय अवदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने श्रद्धालुओं को आचार्य भिक्षु के दर्शाए मार्ग पर चलने और जीवन में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने की प्रेरणा दी।

भक्ति गीतों से गुंजायमान हुआ प्रांगण
धम्म जागरण के दौरान भक्ति गीतों एवं आध्यात्मिक प्रस्तुतियों से संपूर्ण मालू भवन परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया। कार्यक्रम के अंतर्गत किशोर मंडल द्वारा भावपूर्ण सामूहिक गीतिका पेश की गई। वहीं महिला मंडल और ‘श्रीडूंगरगढ़ स्वर लहरी’ टीम के गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समाज की विभिन्न संस्थाओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भक्तिमय आयोजन में तेरापंथी सभा, तेरापंथ युवक परिषद्, तेरापंथ किशोर मंडल, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ कन्या मंडल, अणुव्रत समिति एवं श्री ओसवाल पंचायत सहित विभिन्न आध्यात्मिक व सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। पूरा आयोजन असीम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के माहौल में संपन्न हुआ।












