श्रीडूंगरगढ़ टुडे 4 अक्टूबर 2026
क्षेत्र में अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटाई और लकड़ी परिवहन के मामलों पर वन विभाग की टीम ने सख्त रुख अपना लिया है। रविवार को विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी से भरे एक ट्रक, एक पिकअप और एक ट्रैक्टर को मौके पर ही सीज कर दिया। तीनों वाहनों में क्षेत्र के राज्य वृक्ष खेजड़ी, रोहिड़ा, देशी बबूल और विलायती बबूल की लकड़ियों की कुतर भरकर अवैध रूप से ले जाई जा रही थी।
स्टेट हाईवे 6 पर तोलियासर के पास बिछाया जाल
क्षेत्रीय वन अधिकारी मक्खनलाल शर्मा के नेतृत्व में गठित वन विभाग की विशेष टीम ने स्टेट हाईवे 6 पर तोलियासर गांव के पास नाकाबंदी कर वाहनों को रुकवाया। जांच करने पर पाया गया कि वाहनों में भरी लकड़ी की कुतर का परिवहन बिना किसी वैध अनुमति के किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान हिसार (हरियाणा) जा रहे ट्रक चालक गुरुपाल सिंह, पिकअप चालक इकबाल खान (निवासी लाडनूं) तथा ट्रैक्टर चालक को वन विभाग की टीम ने हिरासत में ले लिया।
आरोपियों पर केस दर्ज, जांच शुरू
वन विभाग ने तीनों वाहनों और लकड़ी को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले और अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटाई में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई करने वाली टीम
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में क्षेत्रीय वन अधिकारी मक्खनलाल शर्मा, सहायक वनपाल धनपत बाना, तथा वन रक्षक लोकेश मीणा, गिरधारी मदेरणा, नरेंद्र सिंह व किशोर कुमार की मुख्य भूमिका रही।














