श्रीडूंगरगढ़ 5 सितम्बर 2026
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के संदर्भ में बीकानेर नगर निगम और नापासर, खाजूवाला, लूणकरणसर, नोखा, देशनोक और श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिकाओं के लिए इलेक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) का द्वितीय रेण्डमाइजेशन शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन के निर्देशन में जनप्रतिनिधियों और समस्त रिटर्निंग अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया।
द्वितीय रेण्डमाइजेशन के दौरान मतदान केन्द्रों के लिए 689 बैलेट यूनिट तथा 682 कंट्रोल यूनिट आवंटित की गई। वहीं 137 बैलेट यूनिट और 144 कंट्रोल यूनिट आरक्षित रखी गई हैं। नापासर के वार्ड 20 और 24 तथा बीकानेर नगर निगम के वार्ड 69 में निर्विरोध निर्वाचन होने के कारण इन वार्डों के मतदान कन्द्रों को द्वितीय रेंडमाइजेशन के दौरान हटा दिया गया। इसी प्रकार नगर निगम बीकानेर के वार्ड संख्या 2 में प्रत्याशियों की संख्या 15 होने के कारण इस वार्ड के सभी मतदान केन्द्रों पर दो-दो बीयू आवंटित की गई।
उल्लेखनीय है कि पहला रेण्डमाइजेशन 27 अगस्त को किया गया था। इस दौरान प्रत्येक नगरीय निकाय के लिए मतदान केन्द्रों की संख्या से बीस प्रतिशत अधिक कुल 120 प्रतिशत बैलेट यूनिट (बीयू) और कंट्रोल यूनिट (सीयू) आवंटित की गई। शनिवार को द्वितीय रेण्डमाइजेशन के पश्चात नगरीय निकाय वार ईवीएम को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को कमीशनिंग के लिए सुपुर्द कर दी गईं।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी से श्री चम्पालाल गेदर एवं श्री दुर्गेश राजपुरोहित, कांग्रेस से श्री प्रहलाद सिंह मार्शल, कम्प्यूनिस्ट पार्टी के बजरंग छींपा, आरएलपी के दानाराम और हनुमान मौजूद रहे। वहीं बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) श्रीमती रीना, उपखण्ड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, जिला निर्वाचन कार्यालय में विशेषाधिकारी सुश्री स्वाति शर्मा, ईवीएम प्रकोष्ठ प्रभारी श्री सुभाष बिजारणिया, सहप्रभारी श्री भवानी प्रकाश भी उपस्थित रहे।





