श्रीडूंगरगढ़ टुडे 5 जून 2026
बीकानेर। मेरा युवा भारत केंद्र, बीकानेर एवं AU Foundation Ignite के संयुक्त तत्वावधान में आज 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्किल सेंटर, व्यास कॉलोनी में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्र के लगभग 50 युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रीति ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है, लेकिन इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं में जोश, उत्साह और ऊर्जा होती है, जिसके बल पर वे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान सेंटर मैनेजर मनीष चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित कर ही हम अपने पर्यावरण को सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अनावश्यक वाहन उपयोग की बढ़ती प्रवृत्ति को कम करें तथा पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें।

मेरा युवा भारत केंद्र के रविंद्र पंडित ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि ऐसे नगर में रहते हैं, जहां अनेक पर्यावरण प्रेमी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में रविंद्र पंडित ने सभी अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों का कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।



