श्रीडूंगरगढ़ टुडे 5 जून 2026
श्री डूंगरगढ़ के प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर के जीर्णोद्धार को अब पुनर्निर्माण (नवनिर्माण) के रूप में साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
श्री ओसवाल पंचायत, श्रीडूंगरगढ़ की समस्त कार्यकारिणी की बहुमत एवं समर्थन से अध्यक्ष विनोद भदाणी एवं मंत्री कान्ति कुमार पुगलिया द्वारा एक प्रतिनिधि मंडल को अहमदाबाद भेजा गया। इस प्रतिनिधि मंडल में जीर्णोद्धार संयोजक अशोक बैद एवं सुमेरमल सिंघी ने पंचायत का नेतृत्व करते हुए 5 जून को शासनरत्न मनोज हरण, विभिन्न दानदाताओं एवं संबंधित पेढ़ियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं।
बैठक में मंदिर की वर्तमान स्थिति, भावी आवश्यकताओं एवं पुनर्निर्माण की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई। सकारात्मक संवाद एवं समन्वय के परिणामस्वरूप मंदिर के नवनिर्माण को लेकर महत्वपूर्ण सहमति बनी तथा इस दिशा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई।
इस सफलता के साथ अब मंदिर के पुनर्निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है तथा शीघ्र ही नवनिर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। समाज की लंबे समय से संजोई गई इस भावना को साकार करने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
समाज में इस समाचार से हर्ष का वातावरण है तथा श्रद्धालुओं में मंदिर के भव्य नवनिर्माण को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। यह नवनिर्माण कार्य धार्मिक आस्था, समाज की एकजुटता एवं भावी पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य धरोहर के रूप में स्थापित होगा।


