श्रीडूंगरगढ़ टुडे 12 जुलाई 2026
श्रीडूंगरगढ़ में सामने आए नकली करेंसी प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने सब इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए श्रीडूंगरगढ़ निवासी हरिकिशन ब्राह्मण पुत्र बजरंग लाल को सूरत से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसका रिमांड लिया जाएगा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नकली करेंसी से जुड़े पूरे नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य लोगों और नोटों की सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटाएगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों ओमप्रकाश नैन निवासी जैतासर और सीताराम गोदारा निवासी धोलिया को 65 लाख रुपए की नोटों की खेप के साथ पकड़ा था। जांच में सामने आया कि इस खेप में केवल 13 हजार रुपए के ही असली नोट थे, जबकि बाकी नोटनुमा कागज थे।
पूछताछ के दौरान आरोपियों से हरिकिशन ब्राह्मण का नाम सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाकर उसे गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सूरत पुलिस ने इसी तरह के मामले में पांच आरोपियों को पकड़ा था। आरोप है कि फर्जी आंगडिय़ा बनकर असली नोटों के बदले कागजनुमा नोटों की सप्लाई की जा रही थी। अब श्रीडूंगरगढ़ पुलिस की पूछताछ में इस पूरे गिरोह से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है।



