श्रीडूंगरगढ़ के 145वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की धूम रहेगी। स्थापना दिवस समारोह के तहत 26 मई से 1 जून 2026 तक श्रीडूंगरगढ़ वासियों के सहयोग से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा वाचन संतोष सागर महाराज द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम पेड़ीवालजी का नोहरा, बैंक ऑफ बड़ौदा वाली गली, बिग्गा बास में आयोजित होगा।
आयोजकों ने बताया कि मंगलवार सुबह 8:30 बजे झंवरों का मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी। आयोजन को लेकर कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं।
रात 8:30 बजे शुरू होगा विराट कवि सम्मेलन
स्थापना दिवस समारोह के तहत 26 मई मंगलवार रात 8:30 बजे भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। राजस्थान गौरव भीखमचन्द पुगलिया एवं सुशीला पुगलिया के सहयोग से होने वाले इस कवि सम्मेलन में देशभर के प्रसिद्ध कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे। जिसमें चिराग जैन, हरीश हिंदुस्तानी, गजेंद्र कविया, सपना सोनी और छैलू चारण काव्य प्रस्तुतियां देंगे।
श्रीडूंगरगढ़ स्थापना दिवस समारोह समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम का लाइव भक्ति सागर श्रीडूंगरगढ़ यूट्यूब चैनल पर रहेगा ताकि श्रीडूंगरगढ़ के प्रवासियों सहित काव्य रसिक भी काव्य रस ग्रहण कर सके।


