श्रीडूंगरगढ़ टुडे 21 जून 2026
श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर श्रीडूंगरगढ़ रेलवे स्टेशन के समग्र विकास एवं क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार संबंधी मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान रेल मंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
विधायक सारस्वत ने बताया कि लगभग 114 वर्ष पुराने श्रीडूंगरगढ़ रेलवे स्टेशन की भवन संरचना जर्जर हो चुकी है तथा ब्रॉडगेज परिवर्तन के बाद भी स्टेशन का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। उन्होंने स्टेशन का अमृत भारत योजना के अंतर्गत पूर्ण पुनर्निर्माण करवाने की मांग की।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार रखी गईं—
श्रीडूंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर वातानुकूलित श्रेणी का आधुनिक प्रतीक्षालय बनाया जाए।
बीकानेर-जयपुर-स्वाईमाधोपुर रेल सेवा को पुनः नियमित रूप से संचालित किया जाए।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ियों (एस्केलेटर) का निर्माण कराया जाए।
दोनों प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों के लिए पर्याप्त शेड एवं बैठने की व्यवस्था विकसित की जाए।
बीकानेर-बांद्रा रेल सेवा का विस्तार नापासर, सूडसर, श्रीडूंगरगढ़, रतनगढ़ एवं चूरू तक किया जाए।
बीकानेर-हरिद्वार रेल सेवा का विस्तार ऋषिकेश तक किया जाए ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुविधा मिल सके।
यात्रियों के लिए स्टेशन परिसर में शुद्ध एवं पर्याप्त शीतल पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि ये सभी मांगें क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षाओं से जुड़ी हुई हैं। रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिलाया है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से श्रीडूंगरगढ़ रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर रेल संपर्क एवं यात्री सुविधाओं का लाभ मिलेगा।




