श्रीडूंगरगढ टुडे 22 अक्टूबर 2026
गौ रक्षक वीर बिग्गाजी महाराज के शौर्य पीठ धड़ देवली धाम में वार्षिक मेले को लेकर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। गुरुवार को दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्री संघों के साथ जयकारे लगाते हुए धाम पहुंचे। दो दिवसीय मेले को लेकर मंदिर परिसर को विशेष रोशनी से सजाया गया है। मेले में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
वीर बिग्गाजी मानव सेवा संस्थान के अध्यक्ष कृष्ण कुमार जाखड़ ने बताया कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु वीर बिग्गाजी महाराज के दर्शन करने पहुंचेंगे। मेला कमेटी के मांगीलाल जाखड़ ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शुक्रवार रात होगा विशाल जागरण
मेले के तहत शुक्रवार रात संगीतमय विशाल जागरण आयोजित होगा। इसमें प्रसिद्ध भजन गायिका अर्चना देवी एंड पार्टी भजनों की प्रस्तुतियां देंगी। जागरण को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।
दर्शन और पार्किंग के लिए व्यवस्थाएं
श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करवाने के लिए मेला कमेटी ने बैरिकेडिंग करवाई है। वाहनों की पार्किंग के लिए मंदिर के पास खाली जगह पर व्यवस्था की गई है। मेले में व्यवस्था बनाए रखने के लिए वीर बिग्गाजी सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने भी जिम्मेदारी संभाल ली है।













