श्रीडूंगरगढ टुडे 9 नवंबर 2026
कस्बे के बॉयज डागा स्कूल में बीती रात आग लगने से एक कमरे में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया। इस कमरे में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आडसर बास का सामान रखा हुआ था। आग इतनी तेज थी कि कमरे के दरवाजे भी जल गए। गनीमत रही कि कमरे में कोई दस्तावेज नहीं रखे हुए थे।
अध्यापक कैलाश सिहाग से मिली जानकारी के अनुसार, रात के समय स्कूल के एक कमरे में आग लग गई। सुबह मोहल्लेवासियों ने इसकी सूचना दी तो स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा। साथ ही, दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक तौर पर पटाखों के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आगजनी में कमरे में रखा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आडसर बास का काफी सामान जलकर नष्ट हो गया।





