श्रीडूंगरगढ टुडे 28 सितंबर 2026
क्षेत्र में रविवार शाम तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विशेषज्ञों ने 26 से 28 सितंबर तक बरसात की गतिविधियों का अलर्ट जारी किया था और रविवार शाम क्षेत्र सहित पूरे जिले में अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ क्षेत्र में बादल जमकर बरसे। श्रीडूंगरगढ़ शहर में 62 एमएम बरसात हुई है
कस्बे के कई घरों में बारिश का पानी भर गया। नगरपालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर पम्पसेट की मदद से पानी निकाला और लोगों को राहत दी। वहीं तेज हवाओं के कारण ग्रामीण क्षेत्र में किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ा। खेतों में काटकर रखी फसलों की ढेरियां बिखर गईं और फसलें खेतों में दूर तक फैल गईं।
कस्बे के मुख्य बाजार, उपजिला अस्पताल के आस पास, बिग्गाबास, मोमासर बास की गलियों में पानी भर गया। मोमासर बास में एक शादी समारोह वाले घर में पानी भर गया जिससे भारी असुविधा हुई। पालिका कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पानी निकासी करवाई। टैंकरों से पानी खाली करवा शादी के घर में एकत्र रिश्तेदारों के लिए राहत का काम किया। वहीं बिग्गाबास में भी एक घर व मदरसे में पानी भर गया सूचना मिलने पर एएसआई कमल चांवरिया की टीम मौके पर पहुंची और पम्पसेट लगाकर पानी बाहर निकाला।
और पालिकाकर्मियों ने यहां भी पानी की निकासी करवाई। पालिका एसआई कमल चावरियां ने बताया कि तीन घरों से तत्काल पानी निकासी करवाई गई। वहीं पूरे शहर में जहां भी जलभराव की स्थिति की सूचना मिली बरसात के एक घंटे बाद जलनिकासी करवाई गई। इसी तरह रूपा देवी स्कूल और तेरापंथ भवन धोलिया नोहरा के समीप स्थित एक घर में भी पानी घुस गया। यहां नगरपालिका की टीम ने पहुंचकर पानी निकाला।
तेज हवाओं ने बिखेरी किसानों की मेहनत
बारिश से किसानों को राहत के बजाय चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि पिछले करीब दो महीने से बारिश का इंतजार था, लेकिन उस समय बादल नहीं बरसे। अब जब फसलों को बारिश की जरूरत नहीं है, तब तेज बारिश हो रही है। किसानों के मुताबिक, इस समय हो रही बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
सातलेरा के सामाजिक कार्यकर्ता गौरीशंकर तावनियां ने बताया कि तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से बारानी फसलों को काफी नुकसान हुआ है। खेतों में काटकर रखी गई फसलों की ढेरियां तेज हवा से बिखर गईं। कई जगह फसलें खेत में फैल गईं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों ने बारिश और तेज हवाओं से हुए नुकसान का सर्वे करवाकर राहत दिलाने की मांग की है।




















