श्रीडूंगरगढ टुडे 25 सितंबर 2026
स्थित लखासर कोर लाइब्रेरी में एक दिवसीय स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना और स्वच्छ-स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना था। यह कार्यक्रम भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI), पश्चिमी क्षेत्र, जयपुर द्वारा आयोजित किया गया।
प्रमुख अतिथि व गणमान्य उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा देहात मंडल (श्रीडूंगरगढ़) के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह तंवर ने की। इस अवसर पर खाटूश्याम शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कैलाश पुरी, समाजसेवी, गोवर्धन खिलेरी,सरपंच प्रतिनिधि (ग्राम लखासर) सज्जन सिंह, उपसरपंच (ग्राम लखासर) डॉ संदीप कुमार व ज़ोहेब सिद्दीकी वरिष्ठ भू वैज्ञानिक भारतीय सर्वेक्षण विभाग उपस्थित रहे।
स्वच्छता संदेश व शपथ ग्रहण
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने व्यक्तिगत स्वच्छता, सार्वजनिक स्थानों की सफाई और कचरा निस्तारण के सही तरीकों पर प्रकाश डाला। उपस्थित ग्रामीणों और विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण निर्माण में सामुदायिक सहभागिता का महत्व समझाया गया।
इस दौरान सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा अपने घर, कार्यस्थल व आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने और दूसरों को जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
स्मृति-चिह्न भेंट कर किया सम्मानित
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की ओर अतिथियों, जनप्रतिनिधियों व सहयोगियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। स्थानीय समुदाय एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के कारण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा इसके माध्यम से ग्रामवासियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सामुदायिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिला।


















