श्रीडूंगरगढ टुडे 3 सितंबर 2026
कस्बें के हनुमान धोरा स्तिथ श्रीकन्हैयालाल सिखवाल राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में विविध सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझते हुए बाल संसद के चुनाव में उत्साहपूर्वक भाग लिया, वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक वेशभूषा धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यालय में हेड बॉय एवं हेड गर्ल पद के लिए चुनाव कराए गए, जिसमें विद्यार्थियों ने निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया के तहत अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट डाले। चुनावी मुकाबले में कड़े संघर्ष के बाद हेड बॉय पद पर सूयश मारू ने 50 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं हेड गर्ल पद पर जिया सोनी 16 मतों से विजयी घोषित हुईं।
प्रधानाचार्य विमला गुर्जर ने बताया कि मतदान को लेकर विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखने को मिला इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रणाली, नेतृत्व क्षमता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।

इसके अलावा, जन्माष्टमी के पावन अवसर पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों ने भगवान श्री कृष्ण, राधा, झांसी की रानी तथा विभिन्न राष्ट्रनायकों एवं राजनेताओं का रूप धरकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ ने सक्रिय योगदान दिया।



