श्रीडूंगरगढ़ टुडे 25 सितंबर 2026
‘नमामि भारतम’ अभियान के तहत देशभर में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार सुबह 11 बजे श्रीडूंगरगढ़ अंचल के विभिन्न स्कूलों में सामूहिक वंदे मातरम् का गान किया गया। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन आदर्श विद्या मंदिर स्कूल के सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपजिला अस्पताल प्रभारी डॉ. ओमप्रकाश स्वामी ने वंदे मातरम् गीत को राष्ट्रप्राण बताया। वहीं संघ के लक्ष्मीनारायण भादू ने विद्यार्थियों को गीत के ऐतिहासिक महत्व एवं इसकी पृष्ठभूमि से अवगत करवाया।
आयोजन के दौरान विनोद वर्मा, एडवोकेट पूनमचंद मारु, व्यवस्थापक ललित बाहेती, पवन गोयतान, पार्षद बबीता स्वामी, विहिप के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश स्वामी सहित विद्यालय के समस्त आचार्य-दीदी, कर्मचारी, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी उपस्थित जनों ने एक स्वर में सामूहिक वंदे मातरम् का गान कर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा, समर्पण एवं गौरव की भावना प्रकट की। संपूर्ण वातावरण राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम के भावों से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम का उद्देश्य वंदे मातरम् के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय चेतना एवं स्वतंत्रता आंदोलन में इसके योगदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों एवं समाज में राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
सरकारी स्कूलों में भी गूंजा राष्ट्रगीत
अंचल की विभिन्न सरकारी शिक्षण संस्थाओं में भी सामूहिक वंदे मातरम् गायन के भव्य आयोजन किए गए। पीएमश्री स्कूल (केऊ पुरानी) में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के सीडीईओ अरूण शर्मा ने शिरकत की और विद्यार्थियों के साथ वंदे मातरम् गान में शामिल हुए। शर्मा ने इस दौरान स्कूल का अवलोकन भी किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रगीत के माध्यम से नागरिकों और युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रभावना को मजबूत करना है।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर परिचर्चा
सीबीईओ सरोज पूनियां वीर ने बताया कि वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर स्कूलों में सामूहिक गायन के साथ-साथ ऐतिहासिक परिचर्चाओं का आयोजन किया गया। संस्थाप्रधानों ने विद्यार्थियों को इस राष्ट्रीय गीत के 150 वर्षों के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी।



















