श्रीडूंगरगढ़ टुडे 5 जुलाई 2026
श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के धनेरू गांव में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक द्वारा दुकान में आग लगाने का प्रयास करने, तोड़फोड़ करने और गल्ले से नकदी छीनने का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार धनेरू निवासी रमेश पुत्र सांवरमल ने रिपोर्ट में बताया की 27 जून शाम को 8:15 पर व अपनी दुकान पर बैठा था उसी दौरान शराब ठेके से पवन पुत्र ओमप्रकाश देराश्री अपनी गाड़ी को तेज गति से लेकर उसकी दुकान के सामने आया और शराब पीने के लिए पैसे मांगें जब परिवादी द्वारा पैसे देने से मना कर दिया तो आरोपी ने गाली गलौज करते हुए दुकान को जलाने की धमकी दी
परिवादी का आरोप है कि आरोपी ने तेल डालकर दुकान में आग लगाने का प्रयास किया और लाठी से दुकान में तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो परिवादी की बहन ने अपने मोबाइल से बनाया। शोर-शराबा होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी के हाथ से माचिस छीनकर आग लगने की घटना को टाल दिया।
परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे धक्का देकर दुकान के गल्ले में रखे करीब तीन हजार रुपए निकाल लिए। जाते समय आरोपी ने गाड़ी चढ़ाकर परिवादी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
परिवादी की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार सौंपी है।





