श्रीडूंगरगढ टुडे 18 अक्टूबर 2026
श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शातिर बदमाश ने खुद को पंजाब का निवासी बताकर राजकोट से लौटे युवक को अपने झांसे में लिया और उसका डेढ़ लाख रुपये नकद व अन्य सामान से भरा बैग लेकर फरार हो गया।
पीड़ित घनश्याम बावरी ने पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाते हुए बताया कि वह गुजरात के राजकोट में काम करता है। गत 17 अक्टूबर को वह राजकोट से श्रीडूंगरगढ़ पहुंचा था और अपने पैतृक गांव बिग्गा जाने के लिए बस व टेम्पो का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसके पास आया और खुद को पंजाब का निवासी बताते हुए कहा कि वह भी बिग्गा की तरफ जा रहा है। उसने थोड़ी देर रुकने को कहा कि उसका दोस्त आने वाला है, जिसके बाद गाड़ी से वे उसे भी बिग्गा छोड़ देंगे। बातों ही बातों में पीड़ित उस व्यक्ति के झांसे में आ गया।
तरकीब बदलकर दिया वारदात को अंजाम:
कुछ देर बाद वही व्यक्ति एक मोटरसाइकिल लेकर आया और कहा कि उसका दोस्त नहीं आ रहा है, इसलिए वह मोटरसाइकिल से ही बिग्गा चलकर आ जाएगा और पीड़ित को रास्ते में पंजाब नेशनल बैंक का रास्ता बताने को कहा।
प्रार्थी अपने कंधे पर शोल्डर बैग लटकाकर उस अज्ञात व्यक्ति की बाइक के पीछे बैठ गया। जब वे तहसील कार्यालय के पास पहुंचे, तो बाइक चालक ने शातिर चाल चलते हुए कहा कि “तेरी बैग बहुत भारी है, जिससे मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ रहा है। इसलिए तू अपनी बैग मुझे आगे दे दे और मेरी हल्की वाली बैग तू पीछे ले ले।”
पीड़ित उसकी बातों में आ गया और बाइक से नीचे उतरकर अपनी बैग उसे सौंप दी तथा उसकी खाली बैग अपने हाथ में ले ली। जैसे ही पीड़ित वापस मोटरसाइकिल पर बैठने लगा, तभी मौका पाकर आरोपी तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल और पीड़ित का कीमती सामान से भरा बैग लेकर फरार हो गया।
परिवादी के अनुसार चुराए गए बैग में 1,50,000 रुपये नकद, एक छोटा मोबाइल फोन, पावर बैंक, कपड़े और अन्य जरूरी निजी दस्तावेज व सामान था। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।











