श्रीडूंगरगढ़ टुडे 21 जून 2026
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को श्रीडूंगरगढ़ में विभिन्न संस्थाओं द्वारा योग कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया गया। सेसोमूं स्कूल तथा सिंधी कॉलोनी स्थित शहीद हेमू कालाणी पार्क में आयोजित कार्यक्रमों में शिक्षक, अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता, बच्चे एवं आमजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
सेसोमूं में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग सत्र आयोजित
सेसोमूं स्कूल में आयोजित विशेष योग सत्र में शिक्षकगण, अभिभावकगण, विद्यालय के प्रशासनिक एवं सहायक कार्मिकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक ब्रह्मपाल सिंह ने योगाभ्यास करवाते हुए योग के महत्व पर संक्षेप में प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा एवं प्राचार्य सुब्रत कुंडू ने वर्चुअल माध्यम से अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं, जबकि वाइस चेयरपर्सन श्रीमती पद्मा मूंधड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में फरियाद अली काजी, पंकज पारीक,घनश्याम गौड़, श्रीमती सुधा देवी सहित शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं विद्यालय के प्रशासनिक तथा सहायक कार्मिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ के मंत्रोच्चार एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।
शहीद हेमू कालाणी पार्क में हुआ विशेष योग कार्यकम ओमप्रकाश भुंवाल का किया सम्मान
वहीं सिंधी कॉलोनी स्थित शहीद हेमू कालाणी पार्क में प्रातः 6 बजे से 7:30 बजे तक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। सिंधी समाज युवा मीडिया प्रभारी रवि रिझवानी ने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली प्राचीन भारतीय पद्धति है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पृष्ठभूमि पर भी प्रकाश डाला।

अनुराधा काया कल्प के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में योगाचार्य डॉ. ओमप्रकाश भुवाल ने योगाभ्यास करवाते हुए नियमित योग, संतुलित खान-पान एवं अनुशासित दिनचर्या अपनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम में लगभग 50 लोगों ने भाग लेकर योग का लाभ उठाया।

योग सत्र के बाद सिंधी पंचायत अध्यक्ष श्रवण कुमार गुरनाणी ने डॉ. ओमप्रकाश भुवाल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके पश्चात प्रतिभागियों को फल एवं फलाहार वितरित किया गया। इस अवसर पर डॉ. ओमप्रकाश भुवाल ने बाल प्रतिभागियों साहिबा, अनन्या, वंशिका एवं वान्या को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “जो करता है योग, उसे नहीं छूता कोई रोग” तथा “तन और मन को ऊर्जावान बनाता है योग, जीवन को नई राह दिखाता है योग।”
दोनों आयोजनों में योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए नियमित योगाभ्यास का संदेश दिया गया तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
मोमासर राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुआ ग्रामीण स्तरीय योग कार्यक्रम
वहीं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष में राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय मोमासर के प्रांगण में मोमासर ग्रामीण स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया कार्यक्रम में सरकारी विद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोमासर के कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमे मुख्य रूप से आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य रामलाल, बालिका माध्यमिक विद्यालय से सुमन जोशी,6 वर्षीय दिव्या संचेती, प्रभाकर राजवंशी, राजेश जोहिया, परमेश्वर गोदारा,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से अशोक सारण, राजेंद्र,सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमियों ने भाग लिया योग प्रशिक्षक पीटीआई रामसिंह सांगवा के कार्यक्रम में उपस्थित नहीं होने से व्याख्यता पवन कुमार प्रजापत ने यह भूमिका निभाई।


विद्यालयों और महाविद्यालयों में भी हुआ योगाभ्यास
पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ताल मैदान श्रीडूंगरगढ़ में प्राचार्य नाजिमा अजीज के नेतृत्व में अध्यापकों और कार्मिकों ने योगाभ्यास किया। महावीर प्रसाद जाट ने बताया कि प्राचार्य नाजिमा अजीज ने कहा कि योग से व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है और व्यक्तित्व निखरता है।

राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ एवं मोमासर में भी योग दिवस का आयोजन किया गया। अमित तंवर ने बताया कि प्राचार्य ने अपने संबोधन में योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन बताते हुए सभी को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

जिलेभर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संकल्प लिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग जरुरी
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस दिल्ली प्रवासियों ने भी योग दिवस धूमधाम से मनाया सिमरन मोहता ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग जरूरी के तहत बाहुबली पार्क सुरजमल में मलाला विहार में बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया। यह जगह आयुषमान मंत्रालय द्वारा तय की गई थी जहां पर पंतजलि से जुड़ी सभी बहने उपस्थित हुई। उन्होंने बताया की गुरुजी की कृपा से हर साल Stage पर कार्यक्रम करवाने का मौका मिलता है। उन्होंने उपस्थित सभी योगप्रेमी भाई व बहनों का आभार जताया। योग प्रशिक्षक (लेडीज योगा टीचर) सिमरन मोहता ने बताया कि इस थीम का मुख्य उद्देश्य – बढ़ती उम्र में भी शारीरिक – मानसिक स्वास्थ्य के बेहतर बनाए रखना था।

श्रीकृष्ण योग संस्थान में धूमधाम से मनाया योग दिवस।
श्रीकृष्ण योग संस्थान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी उत्साह के साथ योग दिवस मनाया गया। संगठन सूक्त के साथ ही आयुष मंत्रालय भारत सरकार की और जारी प्रोटोकॉल के अनुसार सभी योगासन व प्राणायाम की सभी क्रियाएं की गई ।यहां योग शिक्षक गोविंदराम सोनी ने योगाभ्यास करवाया व योग प्राणायाम के लाभ बताए भारत माता के जयकारे लगाए। यहां कुंभाराम गोदारा, केशराराम कड़वासरा, मोतीसिंह राठौड़, ख्यालीराम माली, सतीष मोट सहित अनेक योग साधक शामिल हुए।


माहेश्वरी महिला समिति मनाया योग दिवस।
माहेश्वरी महिला समिति ने योग के प्रति महिलाओं में जागरूता का संदेश देते हुए योग दिवस मनाया। मुस्कान पेड़िवाल ने योगाभ्यास करवाया व योग प्राणायाम के बारे में जानकारी दी। समिति अध्यक्ष कौशल्या झंवर ने महिलाओं के लिए योग के महत्व विषय पर जानकारी देते हुए महिलाओं को नियमित योग से जुडकर अपना स्वस्थ जीवन बनाने की बात कही। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री ललिता सोमाणी, समिति सचिव रेखा मूंधड़ा, प्रचार प्रसार मंत्री सरला सोमाणी सहित अनेक महिला सदस्य शामिल हुई।





