श्रीडूंगरगढ़ टुडे 11 जुलाई 2026
स्थानीय न्यायालय परिसर में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब अभियोजन अधिकारी सपन कुमार के कार्यालय में जहरीला कोबरा घुस आया। कार्यालय खुलने के बाद जैसे ही अभियोजन अधिकारी अपनी सीट पर बैठे, तभी फर्श पर मौजूद कोबरा ने फन उठाकर उनके सामने खड़ा हो गया। अचानक सांप को देखकर कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल हो गया और कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
एडवोकेट पुखराज तेजी ने बताया कि मौके पर मौजूद बाबू और सुरक्षा गार्ड ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए अभियोजन अधिकारी को सुरक्षित कार्यालय से बाहर निकाला। इसके बाद आपणों गांव सेवा समिति के सेवादार एवं सर्प रेस्क्यूअर प्रियंक शाह को सूचना दी गई। प्रियंक शाह मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक कोबरा का सफल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में सांप को वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
घटना के समय न्यायालय परिसर में वादकारियों, अधिवक्ताओं और अन्य लोगों का लगातार आवागमन हो रहा था। समय रहते सांप का रेस्क्यू हो जाने से बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू के बाद कोर्ट स्टाफ और वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।





