श्रीडूंगरगढ टुडे 12 अगस्त 2026
मृतक प्रवासी लोगों की कीमती पुश्तैनी जमीन को फर्जी मालिक बनकर बेचने के चर्चित मामले में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मोहनलाल कड़वासरा की टीम ने कार्रवाई करते हुए बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र के सुजानदेसर निवासी रानू प्रकाश पंचारिया पुत्र नेमीचंद पंचारिया तथा श्रीडूंगरगढ़ के कालूबास निवासी ओमप्रकाश नाई पुत्र रामूराम नाई को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में पूर्व में भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जो फिलहाल बीकानेर जेल में हैं। इसी मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने षड्यंत्र में शामिल दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव है।
गौरतलब है कि श्रीडूंगरगढ़ निवासी नेपाल प्रवासी परिवार की पुश्तैनी जमीन क्षेत्र में स्थित है। जमीन जिन लोगों के नाम दर्ज थी, उनकी कई वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार किए और मृतक जमीन मालिकों के नाम पर फर्जी व्यक्ति खड़ा कर जमीन का बेचान कर दिया।
पुलिस अब मामले की प्रत्येक कड़ी को जोड़ते हुए फर्जीवाड़े में शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले में लगातार कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस जमीन फर्जीवाड़े में उनकी भूमिका और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ करेगी।



