श्रीडूंगरगढ टुडे 29 सितंबर 2026
श्रीडूंगरगढ क्षेत्र में कीटनाशक के संपर्क में आने से एक और 20 वर्षीय युवक ने अपनी जान गंवा दी, जिससे मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव कल्याणसर नया निवासी 25 वर्षीय मामराज पुत्र ओमप्रकाश मेघवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका छोटा भाई 20 वर्षीय अशोक पुत्र ओमप्रकाश मेघवाल सोमवार को अपने खेत में फसलों पर कीटनाशक का छिड़काव कर रहा था। छिड़काव के दौरान विषैली गैस और दवा के असर से अशोक अचानक खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर आगे की जांच एएसआई देवाराम को सौंप दी है।











