श्रीडूंगरगढ़ टुडे 8 जून 2026 (सातलेरा से गौरी शंकर तावनियां की विशेष रिपोर्ट)
श्री डूंगरगढ़ अंचल में दूसरे दिन लगातार तूफानी बरसात ने जमकर तांडव मचाया।शनिवार शाम को आए तूफान से लोग उभर भी नहीं पाए कि रविवार रात्रि को आई तूफानी बरसात ने फिर जमकर कहर बरफाया।
श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में धोलिया फीडर का टॉवर गिरकर धराशायी हो गया, जिसके कारण आधा कस्बा रविवार शाम से अब तक बिजली की मार झेल रहा है और जरूरत के सारे काम अधर में रह गए हैं। एईएन चंद्रेश यादव ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक विद्युत सप्लाई शुरू हो जाएगी।
रविवार रात्रि को तूफानी बरसात से गांव सातलेरा की रोही में भारी नुकसान हुआ है।किसान देवी सिंह राठौड़ ने बताया कि रात 9 बजे बरसात के साथ आए तेज तूफान से उसके खेत में लगी कैंची ट्रांसफार्मर सहित टूट कर जमीन पर आ पड़ी तथा उसी लाइन के कई पोल भरभरा कर टूट गए ।देवी सिंह ने बताया कि उसके खेत में चार पोल टूट गए तथा कई पोल क्षतिग्रस्त हो गए।किसान गौरी शंकर तावनियां ने बताया कि तेज तूफानी बरसात से काफी संख्या में पेड़ उखड़ गए हैं।तावनियां ने बताया कि उसके खेत में कई पेड़ टूट गए हैं तथा कई पेड़ो की टहनियां टूट कर जमीन पर गिर गई।खेत की तारबंदी की कई पट्टियां टूट गई।कई पेड़ टेढे होकर गिरने की कगार पर खड़े हैं।लगातार दूसरे तूफानी बरसात से खेतों में भारी संख्या में बिजली के पोल सहित पेड़ो को नुकसान पहुंचा है।कई खेतों में तो पांच से दस पेड़ धराशाई हो गए हैं।
बिजली तंत्र ठप
तूफान का असर सर्वाधिक बिजली तंत्र पड़ा है।जिसके कारण कई गांवों सहित कृषि फ़िडरों की विद्युत आपूर्ति पूर्णतया ठप पड़ी है।सातलेरा गांव की रोही में सभी फीडर की विद्युत आपूर्ति शनिवार दोपहर के बाद ठप पड़ी है।हालांकि गांव सातलेरा की विद्युत आपूर्ति को रविवार शाम को 26 घंटे बाद सुचारू कर दिया गया है।लेकिन कृषि कुओं की विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है जिसके कारण किसान वर्ग काफी परेशान दिखाई दे रहे हैं।गांव सातलेरा के किसानों ने विद्युत विभाग से विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
भरभरा कर गिरा स्विच रूम
सातलेरा गांव के सार्वजनिक कुएं का जर्जर स्विच रूम भी तूफान की मार नहीं झेल पाया और भरभरा कर गिर गया।स्विच रूम गिरने से पट्टियां टूट गई हैं।हालांकि जर्जर अवस्था में होने के कारण इस स्विच रूम को उपयोग में नहीं लिया जा रहा था जिसके कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया।










