श्रीडूंगरगढ़ टुडे 3 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री के 4 जुलाई को बालोतरा जिले के पचपदरा में प्रस्तावित राजस्थान रिफाइनरी परियोजना एवं अन्य विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम से पहले राज्य सरकार ने दायित्वों में आंशिक बदलाव किया है। मंत्रिमण्डल सचिवालय द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार को पहले आवंटित फलौदी जिले के स्थान पर अब सिरोही जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को इस कार्यक्रम से वर्चुअली जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रभारी मंत्रियों, सरकारी मुख्य सचेतक तथा विभिन्न बोर्ड, आयोग और निगमों के अध्यक्षों को अलग-अलग जिलों का दायित्व सौंपा गया है। संशोधित आदेश में रामगोपाल सुथार का दायित्व बदलते हुए उन्हें सिरोही भेजा गया है।
रामगोपाल सुथार को भाजपा संगठन का सक्रिय और अनुभवी कार्यकर्ता माना जाता है। संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका और जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन को देखते हुए पार्टी नेतृत्व लगातार उन पर भरोसा जताता रहा है। इसी विश्वास के चलते उन्हें प्रधानमंत्री के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के लिए सिरोही जैसे अहम जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रमुख शासन सचिव नवीन जैन द्वारा जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों से रामगोपाल सुथार की सिरोही जिला मुख्यालय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा गया है। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रदेशभर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।





