श्रीडूंगरगढ टुडे 30 अगस्त 2026
आदर्श बाल विद्या मंदिर मोमासर में सुरवि चैरिटेबल ट्रस्ट के सौजन्य से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मातृ-पितृ दिवस का आयोजन अत्यंत श्रद्धा एवं संस्कारमय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से कक्षा 5 के विद्यार्थियों के माता-पिता को आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने माता-पिता का विधिवत पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया तथा उन्हें फल-फ्रूट आदि भेंट कर अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यालय प्रबंधन की ओर से कार्यक्रम में सम्मिलित सभी बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए सुरुचिपूर्ण भोजन की व्यवस्था भी की गई।
गौरतलब है कि मातृ-पितृ दिवस की इस संस्कारमयी परंपरा की शुरुआत दिवंगत बरजी देवी पटावरी की पुण्य स्मृति में श्री सुरेंद्र पटावरी द्वारा की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में माता-पिता के प्रति सम्मान, सेवा, समर्पण एवं सनातन पारिवारिक संस्कारों की भावना को सुदृढ़ करना है।
वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम बच्चों को अपनी भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ने का एक बेहद सार्थक माध्यम बन चुका है। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने भी इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए इसे बाल मन में नैतिक संस्कार विकसित करने वाली प्रेरणादायी परंपरा बताया।
इस अवसर पर सुरवि चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रतिनिधि राजेश रोहिल्ला, विद्यालय सचिव विपिन कुमार जोशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।















