श्रीडूंगरगढ टुडे 10 अगस्त 2026
क्षेत्र के गांव लिखमीसर उत्तरादा की राउमावि में 14 अगस्त को अग्निवीर योद्धा राकेश जाखड़ की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर ग्रामवासियों द्वारा एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियों और इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने को लेकर रविवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (राउमावि) लिखमीसर उत्तरादा में गांव के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और युवा संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से 500 यूनिट रक्तदान का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
युवाओं को सौंपी गई जिम्मेदारी, गठित हुई विशेष टीमें
बैठक में युवाओं की एक टीम गठित की गई जिसे प्रचार प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए क्षेत्र के युवाओं को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मेहनत करनी होगी। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे गांव सहित आस पास के गांवो के लोगो को प्रेरित कर रक्तदाताओं को शिविर में शामिल होने की अपील करें ।
शिविर के सुचारू और व्यवस्थित संचालन के लिए रक्तदान कार्य को विभिन्न भागों में विभाजित किया गया तथा अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए युवाओं की विशेष टीमें गठित की गईं। इसके साथ ही, सभी उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्णय लिया।
पोस्टर का हुआ विमोचन
बैठक के दौरान अग्निवीर योद्धा राकेश जाखड़ चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वाधान में आयोजित होने वाले इस शिविर के लिए रविवार को ग्रामीणों व उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने बेनर का विमोचन किया

ये रहे उपस्थितः
इस महत्वपूर्ण बैठक में वीर योद्धा राकेश जाखड़ के पिता किशनलाल सहित मोतीराम धतरवाल, लूणाराम, नारायणराम,मांगीलाल राहर, राजकुमार डेलू, सांवरमल डेलू, मांगीलाल भुवाल, सुखराम, सीताराम, कुंभाराम, लेखराम, श्रवण कुमार, डालाराम, गणेश जाखड़ तथा गांव के अनेक जागरूक युवा व मौजिज ग्रामीण मौजूद रहे।



